Gyan Prakash Dubey




NGV PRAKASH NEWS


बस्ती, 03 अक्टूबर 2025
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक अत्याधुनिक फिटनेस सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया। इस फिटनेस सेंटर का उद्घाटन डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की उपस्थिति में फीता काटकर किया।
इस मौके पर डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि “फिट शरीर ही मजबूत बल की पहचान है। पुलिसकर्मियों पर 24 घंटे जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, ऐसे में उनका फिट और स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। यह फिटनेस सेंटर पुलिस बल को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाएगा और उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करेगा।”
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि यह फिटनेस सेंटर पुलिस विभाग के फंड से निर्मित किया गया है और इसमें नवीनतम तकनीक से युक्त अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश स्तर के प्रशिक्षित फिटनेस कोच की नियुक्ति भी की गई है, जिनकी देखरेख में इस केंद्र का संचालन होगा। यह न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि पुलिस कर्मियों में अनुशासन और आत्मबल को भी सुदृढ़ करेगा।”
एसपी अभिनंदन ने आगे कहा कि बस्ती पुलिस लाइन में स्थापित यह फिटनेस सेंटर प्रदेश के किसी भी बड़े केंद्र से कम नहीं है और इसे देश स्तर के मानकों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, महिला थाना प्रभारी शालिनी सिंह, डायल 112 प्रभारी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
NGV PRAKASH NEWS
