

NGV PRAKASH NEWS
वाराणसी के सदर बाजार मीट मार्केट में भीषण आग, सिलेंडर धमाकों से दहशत — पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला
वाराणसी। छावनी क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सैन्य कैंपस से सटे सदर बाजार मीट मार्केट में तेज धमाकों की आवाज गूंज उठी। आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। दरअसल, कैंट थाना क्षेत्र स्थित बाजार में सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी, जो देखते ही देखते कई दुकानों और मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले ली। गनीमत रही कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही कैंट थाने पर तैनात मुंशी विनय यादव ने तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा को जानकारी दी। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धमाकों के बीच लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग से पवन अग्रहरि, रसीद अहमद (दो दुकानें), इरशाद कुरैशी, रमाकांत उपाध्याय और अविनाश की दुकानें पूरी तरह जल गईं। वहीं, मार्केट के पीछे स्थित बाइक मैकेनिक तहब्बर की दुकान में खड़ी कई नई और पुरानी मोटरसाइकिलें भी आग की भेंट चढ़ गईं। दुकानों में रखे डिफ्रिजर, फ्रिज समेत अन्य सामान भी नष्ट हो गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि दुकानों में अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था नहीं थी और बिजली बोर्ड में एमसीवी जैसे सुरक्षा उपकरण भी नहीं लगे थे। यही नहीं, दुकानों में दर्जन भर व्यावसायिक गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से करीब आधा दर्जन धमाके के साथ फट गए। सिलेंडरों के टुकड़े दूर-दूर तक उड़कर गिरे, जिससे आग और भी भयानक रूप ले ली।
घटना के वक्त फूलवरिया चौकी प्रभारी अमित सिंह मौके से अनुपस्थित रहे, जबकि कैंट इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ लाउड हेलर के जरिए भीड़ को हटाने और राहत कार्य में लगे रहे। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गनीमत रही कि समय रहते राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
📌 NGV PRAKASH NEWS




