Gyan Prakash Dubey


बस्ती, 29 अक्टूबर 2025
परशुरामपुर पुलिस की साइबर टीम को बड़ी सफलता — महिला के खाते से निकाले गए ₹33 हजार वापस कराए गए
जनपद बस्ती की परशुरामपुर पुलिस को साइबर अपराध के एक मामले में उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते एक महिला के खाते से धोखाधड़ीपूर्वक निकाली गई ₹33,000 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
मामला थाना परशुरामपुर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर पांडे की निवासी शिखा भारतीय पत्नी राजकुमार से जुड़ा है। उन्होंने थाना परशुरामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भारतीय स्टेट बैंक शाखा परशुरामपुर स्थित खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन-पे एप्लिकेशन के माध्यम से ₹33,000 की राशि धोखे से निकाल ली गई है।
शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना परशुरामपुर के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित साइबर क्राइम टीम ने जांच प्रारंभ की। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, ट्रांजैक्शन ट्रैकिंग और सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से धोखाधड़ी का सुराग लगाया और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप सम्पूर्ण धनराशि सफलतापूर्वक पीड़िता के खाते में वापस करा दी।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिनंदन सिंह, कांस्टेबल रामप्रीत वर्मा, कांस्टेबल मोहम्मद दिलकश और महिला कांस्टेबल माला देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए जिले में विशेष टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। आमजन से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या ऐप के माध्यम से अपने बैंक संबंधी गोपनीय विवरण साझा न करें।
(NGV PRAKASH NEWS)




