NGV PRAKASH NEWS


गैंगरेप पीड़िता दौड़ती हुई डीआईजी के सामने पहुंची, खुर्जा नगर पुलिस की लापरवाही उजागर
बुलंदशहर, 14 नवंबर 2025।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब गैंगरेप पीड़िता पुलिसकर्मियों से बचते हुए सीधे डीआईजी मेरठ रेंज निधि निठानी के सामने पहुंच गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि खुर्जा नगर पुलिस दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में टालमटोल कर रही है। वह लगातार कहती रही कि पुलिस फरार आरोपियों को बचा रही है और कार्रवाई करने से कतरा रही है।
डीआईजी निधि निठानी इन दिनों बुलंदशहर में दो थानों, पुलिस लाइन और एसपी ऑफिस के निरीक्षण पर थीं। सुबह से ही थानों में साफ-सफाई और सजावट करवाई गई थी। निरीक्षण के दौरान जब डीआईजी खुर्जा नगर थाने पहुंचीं तो उन्होंने यहां की कृत्रिम सजावट पर नाराजगी जताई और कहा कि सजावट थानों पर नहीं, बल्कि कार्यशैली, विवेचना और अपराध नियंत्रण की गुणवत्ता में दिखनी चाहिए।
निरीक्षण पूरा होने के बाद बाहर निकलते ही गैंगरेप पीड़िता अचानक दौड़कर उनके पास पहुंच गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे छूटकर सीधे डीआईजी के सामने खड़ी हो गई। इस दौरान उसका दौड़ता हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले छह लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया था, जिनमें से चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, लेकिन दो अभी भी फरार हैं और पुलिस उन्हें पकड़ नहीं रही है। पीड़िता ने डीआईजी से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता की शिकायत और वायरल वीडियो के बाद खुर्जा नगर पुलिस की लापरवाही उजागर हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी पंकज राय को लाइन हाजिर कर दिया। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और बाकी दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
NGV PRAKASH NEWS




