सुहागरात के दिन दुल्हन ने कहा रोशनी कम करो और गायब हो गया दूल्हा…

NGV PRAKASH NEWS

मेरठ में सुहागरात के बाद दूल्हा लापता: चार दिन से नहीं मिला सुराग, पुलिस गंग नहर में खोज रही | 01 दिसंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS

मेरठ। सुहागरात की रात घर से निकला एक दूल्हा चार दिन से लापता है, जिससे परिवार में हड़कंप और क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना हुआ है। सरधना क्षेत्र निवासी मोहसिन उर्फ मोनू बुधवार रात निकाह के बाद अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ घर लौटा था। लेकिन रात करीब 12 बजे वह कमरे से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

मोहसिन की बारात मुजफ्फरनगर के खतौली गई थी, जहां निकाह संपन्न हुआ। सुहागरात को मोहसिन अपनी दुल्हन के साथ कमरे में था। दुल्हन ने उसे दूध का गिलास दिया और कमरे में उजाला अधिक होने की बात कहकर छोटा बल्ब लाने को कहा। इसी दौरान मोहसिन कमरे से बाहर निकला और फिर रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।

अगले दिन उसकी दो बहनों का निकाह था, लेकिन भाई की गुमशुदगी ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। दोनों बहनों की विदाई भी बिना भाई की मौजूदगी में हुई, जिससे घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।

परिजन और पुलिस लगातार कर रहे खोज
मोहसिन जब देर रात तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई है।

सरधना एसओ आशुतोष कुमार के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें मोहसिन को आखिरी बार गंग नहर के पास देखा गया है। इसी आधार पर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय टीमों के साथ पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

मोहसिन के पिता सईद ठेकेदार हैं और उनके नौ बच्चे हैं, जिनमें मोहसिन सबसे छोटा है। परिजनों का कहना है कि शादी दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी और लड़का–लड़की दोनों शादी से खुश थे। लेकिन युवक का अचानक इस तरह गायब हो जाना सभी को उलझन और सदमे में डाल रहा है।

पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि कोई नई जानकारी मिल सके। फिलहाल मोहसिन का सुराग न मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *