भीषण सड़क हादसे में बस में लगी आग, 3 की दर्दनाक मौत दो दर्जन से ज्यादा गंभीर रूप से घायल…

👉 सवारी बस और ट्रक में भीषण टक्कर…

बलरामपुर में दर्दनाक बस हादसा: ट्रक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, तीन लोगों की मौत, दो दर्जन घायल

बलरामपुर, 2 दिसंबर 2025।
नेपाल बॉर्डर के सोनौली से दिल्ली जा रही एक बस मंगलवार देर रात यूपी के बलरामपुर में भीषण हादसे का शिकार हो गई। फुलवरिया बाईपास के पास ट्रक से जबरदस्त टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।

देर रात करीब सवा दो बजे हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में आग लगते ही यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। आसपास के लोग और गुजरने वाले वाहन चालकों ने शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। इसी बीच पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद जब तलाशी की गई तो दो लोगों की बस के अंदर जली हुई लाश मिली, जबकि एक शव बस के नीचे से बरामद हुआ। बुरी तरह जल जाने की वजह से मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घटना के बाद 23 घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर में भर्ती कराया गया, जहां से पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घायलों में ज्यादातर नेपाल के नागरिक बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने घायलों की सूची जारी कर दी है।

घायलों में शामिल लोग (बलरामपुर अस्पताल में चल रहा इलाज):

  • कृष्ण बहादुर (58 वर्ष), नवलपुर नेपाल – लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर
  • ऋचा (26 वर्ष), पुत्री मुकुंद योगी – जिला मेमोरियल अस्पताल
  • पूर्णिमा (28 वर्ष), पत्नी शिव बहादुर – संयुक्त जिला अस्पताल
  • शिव बहादुर (30 वर्ष) – संयुक्त जिला अस्पताल
  • शिवांगी (18 माह) – संयुक्त जिला अस्पताल
  • बाल बहादुर – संयुक्त जिला अस्पताल
  • लोकेंद्र बहादुर – संयुक्त जिला अस्पताल

इन पांच घायलों को बहराइच रेफर किया गया:

  • सरस्वती पांडेल (24 वर्ष), पत्नी विनोद खारिल, बुटवल नेपाल
  • धान कुमार (60 वर्ष), पत्नी शंकर महतो, बुटवल नेपाल
  • अनिल (16 वर्ष), पुत्र कृष्ण बहादुर, बुटवल नेपाल
  • दिवाकर न्यूपाने (42 वर्ष), पुत्र महा शर्मा, बुटवल नेपाल
  • विष्णु माया (52 वर्ष), पत्नी कृष्ण बहादुर, नवलपुर नेपाल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी रात मौके पर मौजूद रहे। प्रारंभिक जांच के अनुसार तेज रफ्तार और ट्रक से हुई जोरदार टक्कर से बस का संतुलन बिगड़ा और उसमें आग लग गई।

दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *