

लव, सेक्स और धोखा का मामला: छह दिन साथ रखने के बाद युवक फरार, युवती ने परिवार सहित 9 लोगों पर कराया मुकदमा | NGV PRAKASH NEWS
अररिया। कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम, भरोसे और धोखे की चौंकाने वाली दास्तां सामने आई है। एक युवक ने युवती से प्रेम संबंधों का हवाला देते हुए लव मैरिज का सपना दिखाया, छह दिनों तक पति-पत्नी की तरह साथ रखा और फिर जल्द शादी का भरोसा देकर उसे उसके घर छोड़ गया। दो महीने से अधिक इंतजार के बाद भी युवक के शादी के लिए नहीं लौटने पर युवती ने थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
युवती के मुताबिक, फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या 1 निवासी आनंद कुमार जुलाई 2025 में एक शादी समारोह में उनके गांव आया था। वहीं दोनों की बातचीत बढ़ी और युवक ने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। संबंध गहरे होने लगे और 30 जुलाई को आनंद युवती को बहला-फुसलाकर कटिहार ले गया, जहां दोनों ने छह दिनों तक पति-पत्नी की तरह साथ समय बिताया।
इस दौरान मामले की जानकारी मिलने पर आनंद के पिता रामकृष्ण मंडल, मां चंदन देवी और अन्य परिजन युवती के गांव पहुंचे। उन्होंने युवती के पिता को भरोसा दिलाया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और जल्द ही शादी करा दी जाएगी, तब तक लड़की अपने घर पर ही रहेगी। लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद शादी की कोई खबर नहीं आई।
थक-हारकर युवती के पिता कुछ रिश्तेदारों के साथ आनंद के घर मटियारी पहुंचे। शादी की बात करते ही युवक के परिजन भड़क उठे और उन्होंने शादी कराने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि बात बढ़ने पर वे लोग लाठी-डंडा लेकर मारपीट पर उतारू हो गए, जिसके बाद युवती का परिवार किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा।
घटना से आहत युवती ने आनंद कुमार सहित उसके परिवार के नौ सदस्यों के खिलाफ कुर्साकांटा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानेदार रोहित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS


