डीएसपी पर लगा प्यार, धोखा और ब्लैकमेलिंग का आरोप..

NGV PRAKASH NEWS

रायपुर: महिला DSP कल्पना वर्मा पर व्यापारी ने लगाया प्यार, धोखा और ब्लैकमेलिंग का आरोप, अधिकारी ने बताए आरोप निराधार
— मामले ने पुलिस महकमे में मचाई हलचल

रायपुर, 08 दिसंबर 2025
राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग की एक महिला अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों ने पूरे प्रदेश में चर्चा छेड़ दी है। शहर के कारोबारी दीपक टंडन ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए DSP कल्पना वर्मा पर आरोप लगाया है कि चार साल तक प्रेम संबंध के नाम पर उनसे करीब ढाई करोड़ रुपये की वसूली की गई। व्यापारी का कहना है कि रिश्ते की आड़ में महंगी खरीदारी, जेवर, होटल खर्च और अन्य जरूरतों के नाम पर लगातार पैसे लिए गए।

दीपक टंडन ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात कल्पना वर्मा से एक सामाजिक कार्यक्रम में हुई थी, जो बाद में नजदीकी में बदल गई। उनका दावा है कि विश्वास और लगाव के नाम पर उन्होंने बैंक ट्रांजैक्शन, ऑनलाइन पेमेंट और कैश के रूप में बड़ी रकम अधिकारी को दी। व्यापारी का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध को आगे बढ़ाने से इनकार किया और पैसे लौटाने की बात कही, तो उन्हें फर्जी मुकदमे में फँसाने की धमकी मिलने लगी।

शिकायत में व्यापारी ने व्हाट्सऐप चैट, बैंक ट्रांजेक्शन और एक CCTV फुटेज भी सबूत के तौर पर प्रस्तुत किए हैं। CCTV की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।

दूसरी ओर DSP कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को आधारहीन बताते हुए कहा है कि यह पूरी तरह बदनाम करने की कोशिश है। उनका कहना है कि व्यापारी द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और कानूनी कार्रवाई के लिए वे तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके खिलाफ दायर की गई शिकायत एक सोची-समझी साजिश है जिसका वे तथ्यात्मक रूप से जवाब देंगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान, डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी की बारीकी से जांच की जाएगी।

इस घटना ने पुलिस महकमे की छवि और जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह विश्वास और वर्दी दोनों पर गहरी चोट होगी। वहीं आरोप झूठे साबित होने पर यह भी स्पष्ट होगा कि व्यक्तिगत विवादों में पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाने की प्रवृत्ति किस तरह सामने आती है।

फिलहाल जांच जारी है और पुलिस ने कहा है कि तथ्य सामने आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय होगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *