निकाह में हिंदू समाज को दावत देना पड़ा भारी : मौलानाओं नें फतवा जारी कर दावत का किया बहिष्कार…

NGV PRAKASH NEWS

हिंदू समाज को दावत देना पड़ा भारी, मौलानाओं पर फतवा जारी कराने का आरोप

बरेली, 13 दिसंबर 2025।
बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से सामाजिक तनाव से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी बेटी के निकाह में हिंदू समाज के लोगों को दावत देने के बाद कुछ मौलानाओं द्वारा फतवा जारी कराए जाने का आरोप लगा है, जिसके चलते मुस्लिम समाज के लोगों ने दावत में शामिल होना बंद कर दिया। पीड़ित का दावा है कि इस घटनाक्रम के कारण उसे करीब छह लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जाटान निवासी ताहिर अली से जुड़ा है। ताहिर अली की बेटी फिजा का निकाह तीन दिसंबर को था। इससे पहले एक दिसंबर को उन्होंने हिंदू समाज के लोगों के लिए दावत का आयोजन किया था। इसके बाद दो दिसंबर को मुस्लिम समाज के लिए दावत की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ मौलाना और सुन्नी जमात से जुड़े लोग नाराज हो गए।

पीड़ित का कहना है कि कुछ मौलानाओं और उनके समर्थकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप है, जिसमें कथित तौर पर फतवा जारी कर सुन्नी समाज के लोगों को दावत में शामिल होने से रोक दिया गया। ताहिर अली का आरोप है कि मौलानाओं ने उनसे हिंदू समाज के लोगों के धर्म परिवर्तन से जुड़ी बातें कहीं और दावत को लेकर दबाव बनाया। जब उन्होंने इन बातों से इंकार किया तो समाज के लोगों को दावत में न आने का निर्देश दे दिया गया।

पीड़ित के अनुसार, दावत के लिए तैयार किया गया भोजन बिना इस्तेमाल के रह गया, जिससे उन्हें करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस पूरे मामले को लेकर ताहिर अली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को लिखित शिकायत दी है।

एसएसपी के निर्देश पर भोजीपुरा थाना पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई है। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *