यहां सिरफरे आशिक ने घर में घुसकर प्रेमिका को मारी गोली…

NGV PRAKASH NEWS

लखनऊ में सिरफिरे आशिक की सनक, गर्लफ्रेंड को गोली मारने के बाद फरार, पीड़िता ने किए चौंकाने वाले खुलासे

लखनऊ की पारा थाना क्षेत्र में आधी रात हुई फायरिंग की घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्लफ्रेंड को गोली मारकर फरार हुए आरोपी आकाश कश्यप को लेकर पीड़िता ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी न सिर्फ आपराधिक प्रवृत्ति का है, बल्कि वह साइबर फ्रॉड गैंग से भी जुड़ा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आकाश कश्यप ने पिछले एक साल के दौरान उसके साथ कई बार मारपीट की, जबरन शारीरिक संबंध बनाए, सिगरेट से जलाया और अश्लील वीडियो भी बनाए। उसने आरोप लगाया कि आरोपी लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी का पैसा मंगवाता था और इसी अवैध कमाई से करीब दो महीने पहले स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदी थी। वह अक्सर गाड़ी के डैशबोर्ड में पिस्टल रखकर घूमता था और पुलिस से नजदीकियों की बातें किया करता था।

पीड़िता के अनुसार, एसटीएफ की एक कार्रवाई के बाद जब उसने आरोपी से दूरी बनानी शुरू की, तो आकाश उसे लगातार धमकाने लगा। उसने जान से मारने की धमकी दी और फिर 11-12 दिसंबर की रात करीब दो बजे शराब के नशे में उसके घर पहुंच गया।

पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि आरोपी दरवाजा खुलते ही धक्का देकर अंदर घुस गया और सीधे छोटी बहन के कमरे में पहुंच गया। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की गई। इसके बाद आकाश ने तमंचा निकालकर युवती पर गोली चला दी, जो उसके कंधे और हाथ में लगी। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों का आरोप है कि गोली मारने के बाद आरोपी उनकी सात साल की बच्ची की ओर भी बढ़ा और उसे गोली मारने की कोशिश की, लेकिन बच्ची किसी तरह भागकर बच गई। इसके बाद आरोपी ने घायल युवती को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और फरार हो गया।

पुलिस को घटना से जुड़े तीन सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पहले फुटेज में आरोपी स्कॉर्पियो से उतरकर घर के बाहर गाली-गलौज करता नजर आ रहा है। दूसरे फुटेज में वह सीढ़ियां चढ़कर ऊपर जाता है और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ देता है। तीसरे फुटेज में वह घर से बाहर निकलकर स्कॉर्पियो में बैठता है, इसी दौरान गली से एक अन्य युवक आता है, जो गाड़ी में बैठकर आरोपी के साथ फरार हो जाता है। पुलिस उस युवक की पहचान करने में जुटी है।

बताया गया है कि 21 वर्षीय पीड़िता अपनी बड़ी बहन, सात साल की भांजी और तीन साल के भांजे के साथ किराए के मकान में रहती है। दोनों बहनें ऑर्केस्ट्रा में काम करती थीं। आरोपी आकाश कश्यप सरोजनी नगर के गौरी बाजार का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *