Gyan Prakash Dubey

कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के तीन इनामिया आरोपियों को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
बस्ती, 18 दिसंबर 2025।
अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे बिहार निरीक्षक कोतवाली दिनेश चंद्र चौधरी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे तीन इनामिया अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयोग होने वाला चाकू भी बरामद कर लिया ।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 331/2025, धारा 109, 352, 351(2) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास की घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 18 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने देवरांव पुल के पास से तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लवकुश पुत्र मेला निषाद, अलगू निषाद पुत्र गबई निषाद और करन पुत्र गबई निषाद, निवासी ग्राम देवरांव, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त लवकुश की निशानदेही पर घटना में प्रयोग किया गया चाकू बरामद किया । बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही में जुट गई ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहेगा। आगे की कार्रवाई के तहत अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
अभियुक्तों के गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश चंद्र चौधरी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सोनूपार कामेश्वर कुमार मिश्र सहित थाना कोतवाली की पुलिस टीम शामिल रही।
NGV PRAKASH NEWS
