कोहरे से जंग पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के संग..

Gyan Prakash Dubey

कोहरे और जाम से निपटने के लिए एसपी अभिनंदन ने किया पैदल निरीक्षण, यातायात व्यवस्था पर सख्त निर्देश

बस्ती, 21 दिसंबर 2025।
घने कोहरे और उससे उत्पन्न यातायात जाम की समस्या को देखते हुये बस्ती पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के साथ संयुक्त रूप से थाना कोतवाली और थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं बड़ेवन, पटेल चौक, पॉलिटेक्निक चौराहा, चैनपुरवा बाईपास और मनौरी चौराहा जैसे अत्यधिक व्यस्त और कोहरे से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेते हुए कोहरे के कारण कम दृश्यता, वाहनों की धीमी गति, जाम की स्थिति, अवैध पार्किंग और रूट व्यवस्था से जुड़ी खामियों की बारीकी से समीक्षा की।

पैदल गश्त के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोहरा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। वाहनों की गति नियंत्रित कराई जाए, फॉग लाइट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए और जाम से बचाव के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी ढंग से प्रयोग किया जाए। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी , क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार त्रिपाठी, प्रभारी यातायात सहित अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सर्दियों के मौसम में कोहरे के चलते दुर्घटनाओं और जाम की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नियमित पैदल गश्त, सघन चेकिंग और प्रभावी यातायात प्रबंधन के जरिए न केवल जाम की स्थिति पर नियंत्रण किया जाएगा, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि कोहरे में वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, फॉग लाइट का प्रयोग करें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

बस्ती पुलिस के द्वारा सक्रिय और निरंतर प्रयासों से कोहरा और जाम जनित समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।


NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *