
NGV PRAKASH NEWS
थाना परिसर में रील बनाकर अपलोड करने का मामला, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
हरदोई।
वायरल होने और व्यूज पाने की चाह में पुलिस स्टेशन के सामने रील बनाने का सिलसिला नहीं रुक रहा है | अब एक और ऐसा ही एक और मामला सामने आया है |
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई जिले के शाहाबाद थाना परिसर में एक युवती द्वारा भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए रील बनाने और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई और मामले को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लाल रंग का सलवार-सूट पहने एक युवती थाना परिसर के मुख्य द्वार के सामने खड़ी होकर कैमरे की ओर देखते हुए नृत्य कर रही है और रील बना रही है। वीडियो के एक अन्य हिस्से में वह सड़क पर लगाए गए पुलिस के ट्रैफिक बैरिकेड को खुद हटाती नजर आती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
वीडियो में एक दृश्य ऐसा भी है, जिसमें युवती चलती स्कॉर्पियो गाड़ी के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट करती दिखाई दे रही है। इसके अलावा एक अन्य क्लिप में वह कंधे पर एयरगन रखकर पोज देती और लहराते हुए डांस करती नजर आती है। बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत बज रहा है, जिसमें पुलिस और कानून व्यवस्था से जुड़ा संदर्भ भी सुनाई देता है।
वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है, युवती कौन है और थाना परिसर में उसे किसने प्रवेश की अनुमति दी। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
