नहीं रुक रहा स्लीपर बसों में आग लगने का मामला, अब यहां लगा चलती स्लीपर बस में आग..

NGV PRAKASH NEWS

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी आग, 48 यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए

कन्नौज, 31 दिसंबर 2025।
दिल्ली से बिहार जा रही एक स्लीपर बस में मंगलवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अचानक आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना तिर्वा क्षेत्र के फगुआ भट्ठा टोल प्लाजा के पास किलोमीटर संख्या 192 पर रात करीब 11 बजे हुई। बस के आगे वाले हिस्से, विशेष रूप से इंजन के पास से धुआं उठता देख यात्रियों की नींद खुल गई और बस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

धुआं तेजी से पूरी बस में फैलने लगा, जिससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। बच्चों समेत करीब 48 यात्री बस में सवार थे। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर दिया और दरवाजे खोलकर यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से भी बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब 11 बजकर 10 मिनट पर बचाव कार्य तेज किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद आवागमन बहाल कर दिया गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *