
NGV PRAKASH NEWS
कमरे में युवक का अर्द्धनग्न शव मिला, पिता ने बहू पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
प्रयागराज, 31 दिसंबर 2025।
प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के चकमोहामिद उर्फ महपूरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव घर के कमरे के अंदर बिस्तर पर अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के पिता ने बहू पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय मनीष शुक्ला के रूप में हुई है, जिसकी लगभग दो साल पहले प्रतापगढ़ के मानधाता क्षेत्र की युवती से शादी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद और मारपीट होती रहती थी। दो दिन पहले भी कहासुनी के दौरान पत्नी ने मनीष पर जलती लकड़ी फेंक दी थी, जिससे वह किसी तरह बच गया था।
सोमवार को मनीष दिनभर अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। शाम तक बाहर न आने पर पिता राममूरत ने बहू से पूछताछ की तो उसने मनीष के सोने की बात कही। संदेह होने पर पिता ने कमरे में जाकर देखा तो मनीष का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। शोर मचने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार मृतक का कच्छा बाथरूम में पड़ा मिला जबकि उसकी पत्नी का मोबाइल फोन भी मौके से गायब बताया जा रहा है। पुलिस पत्नी से पूछताछ कर रही है।
फूलपुर के एसीपी विवेक यादव के अनुसार विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
