NGV PRAKASH NEWS

55 की उम्र में इश्क़ का धमाका: 30 साल के प्रेमी से शादी कर बस स्टैंड पर लिपटी महिला बोली — इसके बिना नहीं रह सकती, अब अलग नहीं होंगे
बांका, बिहार —
कहते हैं प्यार करने की कोई उम्र नहीं होती, ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां उम्र, रिश्ते और समाज की सारी दीवारें तोड़ती एक प्रेम कहानी ने अमरपुर बस स्टैंड पर हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया। 55 साल की महिला ने 30 साल के युवक से शादी कर ली और बीच सड़क अपने प्रेमी से लिपटकर ऐलान कर दिया — “ये मेरा पति है, इसके बिना नहीं रह सकती। अब कोई हमें अलग नहीं कर सकता।”
घंटों चले इस ड्रामे में कभी परिवार समझाता रहा, कभी लोग तमाशा देखते रहे और कभी महिला अपने प्रेमी को बाहों में भरकर रोती-बिलखती रही। मामला अमरपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर बस स्टैंड का है।
बेटे का आरोप — गहने भी दे दिए, घर भी छोड़ दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला के छोटे बेटे सुनील मंडल ने सबके सामने आरोप लगाया कि उसकी मां घर छोड़ चुकी है और बहू के गहने तक अपने नए प्रेमी को दे चुकी है। सुनील का कहना है कि, “मां अब हमारे साथ नहीं रहना चाहती, वो सब कुछ छोड़कर उसके साथ जाना चाहती है।”
मिस्ड कॉल से शुरू हुआ 6 महीने का प्यार
जानकारी के अनुसार महिला खुशबू देवी ने बताया कि छह महीने पहले एक मिस्ड कॉल से कहानी शुरू हुई। फोन करने पर सामने से युवक ने खुद को अररिया निवासी वकील मंडल बताया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी, फिर मुलाकातें होने लगीं और मुलाकातें प्यार में बदल गईं।
महिला ने कहा कि —
“घर में तनाव था, अकेलापन था। उसकी बातें अच्छी लगती थीं। फिर हम दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।”
चार महीने पहले महिला घर छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी। रविवार को दोनों बस से भागलपुर और फिर लुधियाना जाने की तैयारी में थे, तभी परिवार ने उन्हें बस स्टैंड पर पकड़ लिया।
बस स्टैंड पर हाई वोल्टेज ड्रामा
बस स्टैंड पर महिला ने सबके सामने अपने प्रेमी को गले लगाया और ऐलान कर दिया कि दोनों शादी कर चुके हैं। लोग उन्हें अलग करने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला प्रेमी से चिपकी रही और बार-बार कहती रही — “अब पीछे नहीं हटूंगी।”
पुलिस ने दोनों को थाने पहुंचाया
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि फिलहाल दोनों को सुरक्षा के मद्देनजर थाने में रखा गया है। किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है — जहां उम्र हार गई, समाज हैरान है और एक महिला अपने फैसले पर अडिग खड़ी है।
NGV PRAKASH NEWS

