बड़ी सफलता :-एस.ओ.नगर और कलवारी की जोड़ी ने एसओजी टीम के साथ मिलकर अवैध असलहा,कारतूस निर्माता को पकड़ा…….

Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS

संयुक्त पुलिस कार्रवाई में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार बरामद

बस्ती, 20 जनवरी 2026.

>हम बताने जा रहे हैं ऐसे शातिर अपराधी के बारे में जो 60 + की उम्र होने के बाद भी अपराध की दुनिया में सक्रिय है और अपराधियों के लिए असलहे और कारतूस बनाने का काम करता है | इतनी तेजी से वह काम करता है की सूत्रों के अनुसार 10 मिनट के अंदर दो कारतूस बना कर तैयार कर देता है | जिसकी तेजी देख पुलिस भी हैरान रह गई |<


⏩जनपद बस्ती में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना कलवारी, थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार बनाने के उपकरणों सहित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

इस पूरी कार्रवाई में सबसे अहम भूमिका निभाई थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने, जिनके कुशल नेतृत्व और सूझबूझ से अवैध हथियार निर्माण के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश संभव हो सका। पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना कलवारी क्षेत्र के मांझा खुर्द स्थित श्मशान घाट के पीछे निर्जन स्थान पर अवैध तमंचा और कारतूस बनाने का कार्य चल रहा है।

सूचना मिलते ही एसओजी प्रभारी विकास यादव, थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी मांझा खुर्द और उनकी टीमों ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। देर रात लगभग 02 बजे की गई इस कार्रवाई में मौके से अभियुक्त ताज मोहम्मद पुत्र तैयब, निवासी कस्बा इलफातगंज, थाना इब्राहिमपुर, जनपद अम्बेडकरनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।

👉अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के मौजूदगी में बताया कि आरोपीज काफी शातिर दिमाग का है और वह तेजी के साथ कारतूस बनाने में भी माहिर है |

>अपराधी कितना शातिर और घाघ टाइप का है वह इसी बात से पता चलता है कि जिस समय वह पेश किया गया उसके वह मुस्करा रहा था |<

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहे और उपकरण बरामद किए, जिनमें दो अवैध देशी तमंचा 12 बोर, दो अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक अवैध निर्मित तमंचा 315 बोर, दो स्वनिर्मित जिंदा कारतूस 12 बोर, एक खोखा कारतूस तथा हथियार बनाने के विभिन्न उपकरण शामिल हैं।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कलवारी में अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 10/2026 धारा 3/5/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से अवैध तमंचा और कारतूस बनाकर चोरी-छिपे बेचता था। पुलिस की सक्रियता बढ़ने के कारण वह अपने घर के बजाय सुनसान स्थानों पर रात के समय यह काम करता था। अभियुक्त ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह सवारी वाहन से उपकरण लाकर इसी स्थान पर हथियार तैयार करता था।

जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2015 में थाना कोतवाली बस्ती में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।

इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह की रणनीतिक भूमिका बेहद सराहनीय रही। इनके अतिरिक्त एसओजी प्रभारी विकास यादव, चौकी प्रभारी शैलेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल इरशाद खां, अभय उपाध्याय, कांस्टेबल विजय यादव, चंदन भारती, विपिन भट्ट, देवेन्द्र निषाद, श्यामसुन्दर, सतेन्द्र यादव, शुभम सिंह सहित सर्विलांस सेल की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

👉 यहां बताते चलें कि थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह तथा थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र सिंह की जोड़ी इस क्षेत्र से आपराधिक गतिविधियों तथा अपराधियों एवं अराजक तत्व को समाप्त कर क्षेत्र को अपराध मुक्त करने के लिए कृत संकल्प है |

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियानों को और तेज किया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *