NGV PRAKASH NEWS

पत्नी और कथित प्रेमियों की प्रताड़ना से परेशान स्टेनो ने की आत्महत्या, 12 पर केस दर्ज
21 जनवरी
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तैनात सिविल कोर्ट के स्टेनो मोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मोहित की पत्नी, उसके दो कथित प्रेमियों समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मोहित की शादी वर्ष 2023 में ज्योति (बदला हुआ नाम) से हुई थी, जो पेशे से नर्स है। शादी के कुछ समय बाद ही मोहित को पत्नी के कथित तौर पर दो अन्य लोगों से संबंधों की जानकारी हुई, जिनमें से एक डॉक्टर बताया जा रहा है। आरोप है कि इसका विरोध करने पर मोहित को पत्नी, उसके प्रेमियों और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस प्रताड़ना से आहत होकर मोहित ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पिता मुनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बहू के कथित संबंधों की जानकारी सामने आने के बाद से ही बेटे को धमकियां दी जाने लगीं और उस पर दबाव बनाया गया। लगातार उत्पीड़न के चलते मोहित मानसिक रूप से टूट गया। घटना के बाद पुलिस को मोहित के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने साथ हुई मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का उल्लेख किया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में नामजद सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि विवाह को लगभग दो वर्ष हुए थे और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
