NGV PRAKASH NEWS

पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत: कपड़ों से मिले मानव शुक्राणु, डीएनए जांच से खुलेगा राज, दो पुलिस अधिकारी निलंबित
पटना, 25 जनवरी 2026.
पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के दौरान अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट में छात्रा के कपड़ों से मानव शुक्राणु (ह्यूमन स्पर्म) मिलने की बात सामने आई है। अब इन नमूनों की डीएनए प्रोफाइल तैयार कर पहले से गिरफ्तार आरोपी और विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा चिन्हित अन्य संदिग्धों के डीएनए से मिलान किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, मृत छात्रा के परिजनों ने 10 जनवरी 2026 को उसके कुछ कपड़े पुलिस को सौंपे थे। परिजनों का दावा था कि घटना के समय छात्रा ने यही कपड़े पहने हुए थे। कानूनी प्रक्रिया के तहत इन कपड़ों को जब्त कर एफएसएल भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में कपड़ों पर मानव शुक्राणु के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद मामले को और गंभीर मानते हुए डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बीच, मामले में शुरुआती स्तर पर लापरवाही के आरोप में पुलिस विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। जांच में देरी और समय पर कार्रवाई न करने के आरोप में चित्रगुप्त नगर थाने की थानाध्यक्ष रोशनी कुमारी और कदमकुआं थाने के अवर निरीक्षक हेमंत झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पटना एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों द्वारा सूचना जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में गंभीर चूक की गई।
बताते चलें किबताते चलें कि यह मामला जनवरी 2026 में उस समय सामने आया था, जब चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा की अचानक मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सामान्य मौत बताया गया, लेकिन परिजनों ने इस दावे को नकारते हुए गंभीर आरोप लगाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। अब एफएसएल रिपोर्ट के बाद पुलिस का कहना है कि डीएनए जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों की पहचान कर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
NGV PRAKASH NEWS
