नए आधार एप से मोबाइल नंबर और एड्रेस बदलना भी होगा आसान…….

NGV PRAKASH NEWS

28 जनवरी को लॉन्च होगा न्यू आधार ऐप का फुल वर्जन, बिना फोटोकॉपी और घर बैठे होंगे बड़े काम

नई दिल्ली, 27 जनवरी 2026.

28 जनवरी को यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) न्यू आधार ऐप का फुल वर्जन लॉन्च करने जा रही है। इस लॉन्च की जानकारी UIDAI ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है। फुल वर्जन लॉन्च होने के बाद यूजर्स को आधार से जुड़ी कई सुविधाएं मोबाइल पर ही मिलने लगेंगी।

UIDAI के अनुसार न्यू आधार ऐप में प्राइवेसी को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि किसी म्यूजिक कॉन्सर्ट में एंट्री सिर्फ म्यूजिक के लिए होनी चाहिए, न कि ज्यादा डेटा शेयर करने के लिए। इसी सोच के तहत न्यू आधार ऐप को प्राइवेसी फर्स्ट ऐप के रूप में डिजाइन किया गया है।

न्यू आधार ऐप के जरिए अब लोगों को हर जगह आधार कार्ड या उसकी फोटोकॉपी लेकर घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर्स मोबाइल पर ही अपनी पहचान दिखा सकेंगे और जरूरत के अनुसार अपनी पर्सनल डिटेल्स को हाइड भी कर पाएंगे। ऐप में मौजूद डिजिटल पहचान को सीमित जानकारी के साथ शेयर किया जा सकेगा।

यह ऐप पहले से ही एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, लेकिन अब तक इसके कई फीचर्स लॉक थे। 28 जनवरी को फुल वर्जन लॉन्च होने के बाद ये सभी फीचर्स अनलॉक हो जाएंगे। ऐप को इंस्टॉल करने के बाद यूजर्स आधार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए लॉगइन कर सकेंगे। लॉगइन के बाद आधार कार्ड को देखा और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित तरीके से शेयर किया जा सकेगा।

न्यू आधार ऐप के जरिए अब मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट करने की सुविधा भी घर बैठे मिलेगी। फुल वर्जन के बाद यूजर्स ऐप के अंदर ही मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे, इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। इसी तरह एड्रेस बदलने के लिए नए पते से संबंधित जरूरी दस्तावेज ऐप पर अपलोड करने होंगे, जिनकी पूरी सूची ऐप में उपलब्ध रहेगी।

UIDAI का मानना है कि न्यू आधार ऐप डिजिटल पहचान को ज्यादा सुरक्षित, आसान और प्राइवेसी फ्रेंडली बनाएगा, जिससे आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें बिना झंझट पूरी हो सकेंगी।


NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *