UGC चेयरमैन से सवर्ण आर्मी से की मुलाकात,15 दिन का मांगा समय…….

NGV PRAKASH NEWS

UGC के नए नियमों पर बढ़ा विवाद, चेयरमैन से सवर्ण आर्मी से की मुलाकात, 15 दिन का समय मांगा

नई दिल्ली, 27 जनवरी 2026.
UGC के नए नियमों को लेकर देशभर में सामान्य वर्ग के संगठनों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच इस मुद्दे पर एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। नई दिल्ली स्थित यूजीसी कार्यालय में यूजीसी चेयरमैन ने सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। यह मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली, जिसमें नियमों को लेकर दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान यूजीसी चेयरमैन ने सवर्ण आर्मी के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि उन्हें 15 दिनों का समय दिया जाए, ताकि वह इस विषय को लेकर केंद्र सरकार से निवेदन कर सकें। यूजीसी की ओर से स्पष्ट किया गया कि इस अवधि में सरकार के समक्ष संगठन की आपत्तियों और मांगों को रखा जाएगा।

वहीं सवर्ण आर्मी की तरफ से साफ किया गया है कि सामान्य वर्ग के हितों को लेकर देशभर में चल रहे आंदोलन फिलहाल नहीं रोके जाएंगे। संगठन ने कहा है कि पूरे देश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। हालांकि सवर्ण आर्मी ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 दिन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद 16वें दिन नई दिल्ली स्थित यूजीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि अन्य राज्यों में आंदोलन लगातार चलता रहेगा।

बैठक में हुई चर्चा को लेकर सवर्ण आर्मी ने बताया कि यूजीसी चेयरमैन ने कहा कि यह नियम सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के बाद काफी सोच-विचार कर लाया गया है। इस पर संगठन ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह के कानून की आवश्यकता ही नहीं थी और इसे लागू करने से पहले न तो छात्रों से और न ही शिक्षकों से कोई संवाद किया गया।

सवर्ण आर्मी की ओर से यह भी मांग रखी गई कि यदि नियम लाना ही है तो उसमें सामान्य वर्ग का स्पष्ट प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय न रखी जाए। संगठन ने यह भी कहा कि यदि जांच में शिकायत गलत पाई जाती है तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी उसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी कार्रवाई शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ की जाती है।

सवर्ण आर्मी के अनुसार, यूजीसी चेयरमैन ने भरोसा दिलाया है कि वह इन सभी बिंदुओं को लेकर केंद्र सरकार से निवेदन करेंगे।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *