शिकायत करने पर ससुर ने किया दुष्कर्म- तीसरी पत्नी बनने का दिया ऑफर…….

NGV PRAKASH NEWS

दामाद के अवैध संबंधों की शिकायत पर ससुर पर दुष्कर्म का आरोप, ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा

बिजनौर, 31 जनवरी 2026 —
बिजनौर शहर में एक महिला ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दामाद के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे। इस बात की शिकायत जब बेटी ने अपने ससुर से की तो ससुर ने पिस्टल दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी महिला ने शहर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 11 वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी का निकाह बिजनौर के रौनक हाउस निवासी युवक से कराया था। निकाह के बाद बेटी के दो बच्चे हुए। कुछ समय बाद दामाद के मेरठ की एक महिला से संबंध हो गए। विरोध करने पर दामाद मारपीट करता और घर से निकालने की धमकी देता था।

आरोप है कि पीड़िता ने यह पूरा मामला अपने ससुर को बताया। उस पर ससुर ने कहा कि उसे सब पता है और अपनी कथित संपत्ति का हवाला देते हुए पीड़िता को तीसरी पत्नी के रूप में रखने और निकाह करने का प्रलोभन दिया। पीड़िता द्वारा इसका विरोध करने पर 13 अगस्त को ससुर ने पिस्टल के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने यह बात परिवार के अन्य सदस्यों को बताई तो पति, जेठ और सास ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में ससुर, पति, जेठ और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *