स्वीकृत ओवरब्रिज के पास कराने का श्रेय लेने में मची होड़…….

Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सात ओवरब्रिज की स्वीकृति, श्रेय को लेकर सियासी होड़ तेज

बस्ती, 02 फरवरी.

गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्ती जनपद में सात ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार से लगभग 400 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद इसे लेकर राजनीतिक श्रेय की होड़ तेज हो गई है।

पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और वर्तमान सांसद रामप्रसाद चौधरी के समर्थक सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ वर्तमान और भूतपूर्व सांसद की फोटो के साथ इस उपलब्धि का श्रेय अपने-अपने नेता को दे रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना की जानकारी सबसे पहले पूर्व सांसद व असम प्रभारी हरीश द्विवेदी ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से साझा की| पोस्ट सामने आते ही उनके समर्थकों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया।

वहीं वर्तमान समाजवादी पार्टी के सांसद रामप्रसाद चौधरी के समर्थकों ने भी इस उपलब्धि का श्रेय वर्तमान सांसद को देने की मुहिम छेड़ दी।

दोनों नेताओं की केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने अपने फेसबुक पोस्ट में दावा किया है कि उनके अनुरोध पर बस्ती-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्ती जनपद के अंतर्गत कुल सात ओवरब्रिज की स्वीकृति केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा दी गई है। प्रस्तावित ओवरब्रिज विक्रमजोत, संसारीपुर, कप्ताजगंज, तिलकपुर, पॉलिटेक्निक चौराहा, परसाजाफर और कांटे चौराहे पर बनाए जाएंगे। उनका कहना है कि यह निर्णय बस्ती के विकास और सुरक्षित यातायात की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

वहीं वर्तमान सांसद राम प्रसाद चौधरी के समर्थक भी नितिन गडकरी के साथ सांसद का फोटो तथा स्वीकृत परियोजना की लिस्ट के साथ इसका श्रेय वर्तमान सांसद को देने में लगे हैं |

👉वही आम जनता का कहना है कि इन ओवर ब्रिज के बन जाने से आम जनता को आवागमन में सुविधा होगी भले ही या किसी के द्वारा पास करवाया गया हो |

बताया जा रहा है कि इन सभी स्थानों पर ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ये क्षेत्र अत्यधिक भीड़भाड़ वाले हैं, जहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात करना पड़ता है। पॉलिटेक्निक चौराहे पर तो अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ओवरब्रिज के निर्माण से इन चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारु होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पटेल चौराहे पर भी ओवरब्रिज की सख्त जरूरत है, जहां आए दिन वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसके लिए भी मांग की गई थी, लेकिन फिलहाल इसे इस चरण में शामिल नहीं किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में इस पर भी विचार किया जाएगा।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुलाब सोनकर ने बताया कि ओवरब्रिज के मुद्दे को लेकर सांसद केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। उनके अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर कप्तानगंज चौराहा, पटेल चौक चौराहा और पॉलिटेक्निक चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए 9 अगस्त 2024 को सांसद रामप्रसाद चौधरी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी।

वहीं इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक गोरखपुर ललित प्रताप पाल ने बताया कि बस्ती क्षेत्र अयोध्या सर्किल के अधीन आता है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए डीपीआर बनाकर भेज दी गई थी, लेकिन स्वीकृति से संबंधित फाइल अभी उनके कार्यालय तक नहीं पहुंची है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *