NGV PRAKASH NEWS


गोरखपुर में लव ट्रायंगल से जुड़ा सनसनीखेज हत्याकांड, लिव-इन पार्टनर की पत्नी संग मिलकर महिला की हत्या
गोरखपुर, 03 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में लव ट्रायंगल से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है।
पीपीगंज थाना क्षेत्र के बैरघट्टा गांव के पास मुख्य सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिली महिला की लाश की पहचान मुंबई निवासी 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर विजय कुमार साहनी ने अपनी पत्नी संध्या साहनी के साथ मिलकर की थी। इस मामले में पुलिस ने विजय, उसकी पत्नी संध्या और विजय के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, विजय कुमार साहनी की मुलाकात वर्ष 2012 में मुंबई में प्रिया शेट्टी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बताया जा रहा है कि इस संबंध से उनका एक किशोर बेटा भी है। इसके बाद वर्ष 2014 में पारिवारिक दबाव के चलते विजय की शादी गोरखपुर निवासी संध्या साहनी से कर दी गई, जिससे उसके तीन बच्चे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार में जांच में सामने आया है कि प्रिया लगातार विजय पर शादी का दबाव बना रही थी और उसकी पत्नी को छोड़ने की बात कहती थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराता चला गया। कुछ दिन पहले विजय, उसकी पत्नी संध्या और प्रिया मुंबई से गोरखपुर आए थे।
पुलिस के मुताबिक 29 जनवरी की रात विजय और उसकी पत्नी संध्या ने प्रिया को शराब पिलाई। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। जब वह अचेत हो गई, तो उसे स्कूटी पर बैठाकर पीपीगंज थाना क्षेत्र के बैरघट्टा गांव के पास मुख्य सड़क किनारे ले जाकर फेंक दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जब आरोपियों को आशंका हुई कि प्रिया अभी जीवित हो सकती है, तो पहचान छिपाने के इरादे से उसके सिर और चेहरे को कुचल दिया गया और उसके कपड़े भी उतार दिए गए।
30 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
NGV PRAKASH NEWS
