महिला सिपाही फंदे से मिली लटकी……..

NGV PRAKASH NEWS


लखनऊ में तैनात महिला सिपाही ने घर में लगाया फंदा, मौत
12 साल पहले किया था प्रेम विवाह, छुट्टी पर हरदोई आई थीं सिपाही प्रीति; 7 माह की मासूम बच्ची को छोड़ा अकेला


हरदोई 5 फरवरी 26.
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के इंदिरानगर थाने में तैनात महिला सिपाही प्रीति (30) ने हरदोई के ‘आलू थोक’ स्थित अपने आवास पर साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के समय वह चचेरे देवर की शादी के लिए अवकाश पर आई हुई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलरूप से बरेली की रहने वाली प्रीति 2021 बैच की सिपाही थीं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम तक प्रीति घर के कामकाज में हाथ बटा रही थीं। इसके बाद वह नीचे स्थित अपने कमरे में चली गईं। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आईं, तो उनके देवर पंकज उन्हें बुलाने पहुंचे। कमरा अंदर से बंद होने पर जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, तो प्रीति का शव फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्रीति ने 12 साल पहले सामाजिक बेड़ियों को दरकिनार कर सौरभ श्रीवास्तव के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही वे हरदोई में सौरभ के चाचा के घर रह रहे थे। प्रीति की सात माह की एक दुधमुंही बच्ची भी है। 10 फरवरी को होने वाली चचेरे देवर की शादी की खुशियां इस घटना के बाद मातम में बदल गई हैं।

घटना को लेकर परिजन फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *