90 मुकदमों व 50 हजार का इनामी बदमाश हुआ ढ़ेर…….

NGV PRAKASH NEWS

पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, सिपाही घायल

शामली 06 फरवरी 2026.

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली का कुख्यात अपराधी रिहान मारा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिहान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उस पर लूट, हत्या व डकैती समेत करीब 90 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

मुठभेड़ आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कसेरवा मार्ग पर हुई, जिसमें बदमाशों की गोली लगने से एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, झिंझाना क्षेत्र में हाल ही में हुई एक बड़ी लूट की घटना के बाद जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में झिंझाना रोड पर नहर पुल के पास पुलिस टीम ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उसकी पहचान दिल्ली के ओखला निवासी रिहान के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रिहान लंबे समय से वांछित था और उस पर दर्ज मुकदमों की संख्या लगभग 90 बताई गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ घोषित 50 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने की संस्तुति हाल ही में शासन को भेजी थी।

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से घायल हुए पुलिस सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटनास्थल से बदमाशों की बाइक, अवैध हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया गया है। फरार हुए अन्य दो बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *