डीआईजी ने छात्रों को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मिशन शक्ति अभियान के तहत डीआईजी बस्ती ने छात्रों को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

बस्ती, 06 फरवरी 2026.

मिशन शक्ति (फेज-5) अभियान के तहत परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती की ओर से उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में गुरुवार को एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी बस्ती ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक जहां सुविधाएं लेकर आई है, वहीं साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फिशिंग और ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब देने और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना बेहद जरूरी है।

डीआईजी ने छात्र-छात्राओं को अपने सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेट रखने, किसी भी व्यक्ति को ओटीपी या गोपनीय जानकारी न देने और ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1930, 1090, 112, 1076, 1098, 108 और 102 के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपायों और कानून द्वारा दिए गए अधिकारों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह, महिला थाना प्रभारी शालिनी सिंह, साइबर थाना प्रभारी, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *