NGV PRAKASH NEWS


जैसलमेर में चोरी का अजब-गजब मामला, लिपस्टिक से दीवारों पर लिखी ‘नसीहत’, पुलिस भी रह गई हैरान
स्वर्ण नगरी जैसलमेर से चोरी की एक ऐसी अनोखी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस जांच को गंभीरता के साथ-साथ हास्य और सस्पेंस का रंग भी दे दिया है।
आमतौर पर चोरी के बाद आरोपी जल्द से जल्द फरार हो जाते हैं, लेकिन इस मामले में चोर ने जाते-जाते ऐसा ‘क्रिएटिव’ काम कर दिया कि उसकी चर्चा अब पूरे राजस्थान में हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला जैसलमेर की आईजीएनपी कॉलोनी स्थित सहायक अभियंता एच टी एम एल जांगिड़ के सरकारी आवास से जुड़ा है।
मामला तब का है जब जांगिड़ किसी काम से शहर से बाहर गए हुए थे और घर सूना पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताले तोड़े कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम देते हुए लैपटॉप, टीवी, कीमती परफ्यूम और महंगे कपड़े समेट लिए।
लेकिन कहानी की सस्पेंस यहीं खत्म नहीं होती। सामान लेकर निकलने से पहले चोर ने घर के अंदर रखी ड्रेसिंग टेबल से लिपस्टिक उठाई और सफेद दीवारों पर सन्देश लिख डाला। लिपस्टिक से लिखे गए संदेश देखकर पता चलता है कि चोर पूरी तरह बेखौफ था और उसने वारदात को काफी निश्चिंत होकर और फनी अंदाज में किया।
जब मकान मालिक और पुलिस मौके पर पहुंचे तो दीवारों पर लिखे शब्द पढ़कर सब हैरान रह गए। चोर ने बड़े अक्षरों में लिखा था—
📍“घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो।”
इस संदेश से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी के दौरान चोर ने घर में रखी शराब का सेवन भी किया, लेकिन चखने की कमी उसे काफी खराब लगी।
इतना ही नहीं, चोर ने आगे पुलिस और व्यवस्था पर तंज कसते हुए सलाह देते हुये लिखा—
📍“थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा… रिपोर्ट मत करना, तुम मुझे भूल जाना और मैं तुम्हें भूल जाऊंगा।”
इस अनोखी चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग चोर की ‘कलाकारी’ और लिखे गए संदेशों को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
