राज्यपाल ने गरिमा गृह का किया उद्घाटन, ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान और अधिकारों पर दिया जोर…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बस्ती में गरिमा गृह का किया उद्घाटन, ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान और अधिकारों पर दिया जोर

बस्ती, 10 फरवरी 2026.
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज बस्ती में स्थापित गरिमा गृह का उद्घाटन और निरीक्षण किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को लेकर स्पष्ट और संवेदनशील संदेश दिया। राज्यपाल ने कहा कि समाज का प्रत्येक नागरिक समान अधिकारों का अधिकारी है और ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल के गरिमा गृह परिसर में पहुंचने के साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इंदिरा चैरिटेबल सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल ने गरिमा गृह का औपचारिक उद्घाटन कर परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उद्घाटन के उपरांत राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। इस दौरान पांच विशेष बच्चियों द्वारा संयुक्त रूप से राज्यपाल का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान में राज्यपाल के योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

इसके बाद ट्रांसजेंडर समुदाय और समाज विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने प्रश्न रखे और समावेशी सोच, समान अवसर तथा सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समाज में सकारात्मक वातावरण बनाना आवश्यक है और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए। उन्होंने समाज से अपील की कि ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वीकार किया जाए, भेदभाव न किया जाए और उन्हें पूरा सम्मान दिया जाए। राज्यपाल ने कहा कि ट्रांसजेंडर जन्म से ही होते हैं, उन्हें घर में अपनाकर रखना चाहिए और शिक्षा व रोजगार के अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह पहल बस्ती से शुरू हुई है और यहां अच्छा कार्य हो रहा है। अगर किसी घर में ट्रांसजेंडर बच्चे का जन्म होता है तो उसे अपनाया जाए और पड़ोस में किसी तरह की टीका-टिप्पणी न हो, यह पुण्य का कार्य है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ‘चुनौतियां मुझे पसंद हैं’ पुस्तक की दो हस्ताक्षरित प्रतियां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो लोगों को भेंट कीं।

कार्यक्रम के दौरान गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *