NGV PRAKASH NEWS


मथुरा में सामूहिक मौत से सनसनी, तीन बच्चों की हत्या के बाद दंपती ने की आत्महत्या, मोबाइल वीडियो और पर्ची बरामद
मथुरा, 10 फरवरी 2026.
गाज़ियाबाद में 3 लड़कियों की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती ने अपने तीन मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष जाटव, उनकी 32 वर्षीय पत्नी सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय बेटी प्रियांशी और दो वर्षीय बेटे पंकज के शव घर के अंदर मिले। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मनीष के भाई ने पड़ोसियों की मदद से घर में जाकर देखा, जहां सभी पांचों मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जांच के दौरान मनीष के मोबाइल फोन से एक वीडियो बरामद हुआ है, जिसमें वह खुद आत्महत्या करने की बात कहता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसने स्पष्ट किया है कि वह स्वयं यह कदम उठा रहा है और इसमें किसी अन्य का कोई दोष नहीं है। इसके अलावा घर की दीवार पर भी लिखा मिला कि वह आत्महत्या कर रहा है और किसी को परेशान न किया जाए। कमरे से एक पर्ची भी बरामद हुई है, जिस पर भी इसी तरह की बात लिखी हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि तीनों बच्चों की हत्या गला दबाकर की गई, जबकि दंपती ने जहर खाकर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मनीष ने वीडियो में यह भी बताया है कि कुछ दिन पहले उसने करीब साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी और उसका भुगतान उसे मिल चुका था।
लोगों के पूछताछ के आधार पर प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मनीष पिछले करीब छह महीनों से तंत्र-मंत्र के चक्कर में था। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है कि कहीं मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण ने उसे इस हद तक पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एडीजी , डीएम और एसएसपी ने स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और वीडियो समेत सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी छिपी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
