NGV PRAKASH NEWS

करंट से दो बच्चियों की मौत के मामले में अवर अभियंता निलंबित, विभाग में हड़कंप
बस्ती, 10 फरवरी 2026.
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत पचपेड़िया में कूड़ा बीनते समय करंट लगने से दो बच्चियों की मौत के मामले में विद्युत विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता को निलंबित कर दिया है।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल खालिद सिद्दीकी ने प्रथमदृष्टया दोषी मानते हुए अवर अभियंता अभिषेक कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
बताते चलें कि बीते रविवार दोपहर बाद लगभग 3 बजे की है, जब कूड़ा बीनने के दौरान काजल और करिश्मा नाम की दो बच्चियां करंट की चपेट में आ गईं। बताया गया कि मौके पर सर्विस लाइन काफी दूर तक ले जाई गई थी, जो कई स्थानों पर कटी हुई थी। इसमें एक सफेद केबल भी जोड़ी गई थी, जिससे खतरा और बढ़ गया था।
दलदली भूमि होने के कारण करंट फैल गया और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आते ही खुद को छुड़ा नहीं सकीं। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार जिस अवर अभियंता को निलंबित किया गया है, वह उस समय अवकाश पर थे और उनका प्रभार चंद्रभान के पास था। इसके बावजूद कार्रवाई की जद में आने से पूरे विभाग में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि मामले में कोई भी अधिकारी कुछ नहीं बोल रहा है | सभी को यह डर सता रहा है कि कब किस पर कार्रवाई की गाज गिर जाए, इसी कारण कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
NGV PRAKASH NEWS
