कफ सीरप पीने से मासूम की मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

कफ सिरप पीने से दो वर्षीय मासूम की मौत, निजी क्लीनिक पर गंभीर आरोप

हमीरपुर, 11 फरवरी 2026 —
कफ सिरप तस्करी के मामलों को लेकर प्रदेश में पहले से ही हड़कंप मचा हुआ है, इसी बीच जनपद हमीरपुर के मौदहा तहसील अंतर्गत सिचौलीपुरवा मोहल्ले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सामान्य सर्दी-जुकाम के इलाज के लिए दी गई कफ सिरप पीने के बाद दो वर्षीय मासूम की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने एक निजी क्लीनिक द्वारा दी गई दवा को ही बच्चे की मौत का कारण बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिचौलीपुरवा निवासी ब्रजेश का दो वर्षीय पुत्र कार्तिक बीते कुछ दिनों से सर्दी और जुकाम से पीड़ित था। मंगलवार दोपहर कार्तिक की मां रोशनी उसे लेकर मोहल्ले में ही संचालित एक निजी क्लीनिक पहुंची। आरोप है कि क्लीनिक चला रही कथित महिला डॉक्टर ने बच्चे की जांच करने के बाद बाहर से दवा लिखने के बजाय अपने पास से ही एक कफ सिरप की बोतल निकालकर दे दी और घर जाकर खुराक देने की सलाह दी।

परिजन बच्चे को लेकर घर लौट आए और कथित रूप से डॉक्टर के निर्देशानुसार रोशनी ने कार्तिक को एक ढक्कन कफ सिरप पिला दिया। परिजनों का कहना है कि दवा पिलाते ही मासूम की हालत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ ही क्षणों में वह बेहोश हो गया और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं रही। घबराए परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सीएचसी में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद कार्तिक को मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का साफ आरोप है कि निजी क्लीनिक में दी गई कफ सिरप ही बच्चे की मौत की वजह बनी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *