महिला नें 4 दरोगा पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप…….

NGV PRAKASH NEWS

चार वन दरोगाओं पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

बदायूं, 11 फरवरी 2026 —
बदायूं के सहसवान रेंज में तैनात चार वन दरोगाओं पर एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर उझानी कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने 10 जनवरी 2026 की घटना बताते हुए न्याय के लिए अदालत का सहारा लिया था।

पीड़िता के अनुसार, 10 जनवरी की दोपहर वह दवा लेने के लिए सहसवान से बदायूं जाने के लिए घर से निकली थी। उझानी क्षेत्र के अकराबाद चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी एक कार वहां रुकी। कार में बैठे एक व्यक्ति ने बदायूं चलने की आवाज लगाई, जिस पर वह उसमें बैठ गई। कार में पहले से तीन अन्य युवक मौजूद थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोप है कि भैंसोर पुल पार करने के बाद कार को कच्चे रास्ते की ओर झाड़ियों में मोड़ दिया गया। वहां चारों आरोपियों ने तमंचा और चाकू दिखाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर तमंचे की बट से उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों में शाहजहांपुर जनपद के कांट थाना क्षेत्र के गांव पदेचा निवासी सूरज मोहन, कांट क्षेत्र का ही श्यामवीर, बदायूं निवासी पुष्पेंद्र और बरेली के सुभाषनगर निवासी देवेंद्र शामिल हैं। सभी आरोपी वन विभाग की सहसवान रेंज में दरोगा के पद पर तैनात हैं।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह उझानी कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में टाल-मटोल की। इसके बाद उसने जिला अस्पताल में इलाज कराया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः परेशान होकर उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर रविवार को उझानी पुलिस ने मामला दर्ज किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चारों वन दरोगाओं की सहसवान रेंज में करीब पांच माह पहले ही तैनाती हुई है और वे अक्सर एक ही कार से साथ घूमते देखे जाते थे। घटना में प्रयुक्त कार भी वही बताई जा रही है, जो पहले से क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी।

मामले को लेकर वन विभाग के अधिकारी फिलहाल सतर्क नजर आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि महिला के परिवार का कथित रूप से लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़ा विवाद पहले भी आरोपियों से रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है और विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *