इंग्लैंड की नागरिकता ले चुके मौलाना के खलीलाबाद स्थित घर पर ED का छापा…….

NGV PRAKASH NEWS


खलीलाबाद में मौलाना शमशुल हुदा के आवास पर ईडी की छापेमारी, विदेशी फंडिंग और संपत्ति को लेकर जांच तेज

संतकबीरनगर, 11 फरवरी 2026.
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मीट मंडी स्थित मौलाना शमशुल हुदा के आवास पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई, जिसके बाद टीम ने घर के भीतर मौजूद परिजनों से लंबी पूछताछ की। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई थी और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने मौलाना की पत्नी और बहू से पूछताछ की, जबकि उनका बेटा तौसीफ रजा मौके पर मौजूद नहीं बताया गया। छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की गई।

⏩मौलाना शमशुल हुदा पर आरोप है कि उन्होंने विदेशों से मदरसे के लिए फंड जुटाने के नाम पर ‘कुलियातुल बनातीर रजबिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी’ तथा ‘रजा फाउंडेशन’ नामक संस्थाएं बनाकर धनराशि प्राप्त की। जांच एजेंसियों का मानना है कि खलीलाबाद में मदरसे का निर्माण कर उसके माध्यम से विदेशों से बड़ी मात्रा में फंड एकत्र किया गया। यह भी आरोप है कि विदेशी फंडिंग के जरिए बड़ी संपत्ति अर्जित की गई।

➡️आधिकारिक अभिलेखों में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2017 तक उन्हें आजमगढ़ स्थित एक मदरसे में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत दर्शाया गया था। इस दौरान वेतन और पेंशन लाभ लेने का मामला भी जांच के दायरे में है।

पूरे प्रकरण की जांच आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) भी कर रहा है। एटीएस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि

💥मौलाना शमशुल हुदा ने वर्ष 2013 में भारतीय नागरिकता त्यागकर ब्रिटेन की नागरिकता ग्रहण कर ली थी और वह वर्ष 2007 से लंदन में निवास कर रहे हैं।

फिलहाल ईडी और एटीएस दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्तियों की विस्तृत पड़ताल में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

NGV PRAKASH NEWS

👉 मौलाना की फाइल फोटो


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *