कुत्ते के भौंकने से टूट गई शादी…….

NGV PRAKASH NEWS

पालतू कुत्ते को लेकर शादी में बवाल, मारपीट के बाद दुल्हन ने किया शादी से इनकार

फतेहपुर, 20 फरवरी 2026.

जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हिंसा में बदल गया, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडे व कुर्सियां चलने लगीं। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए और अंततः दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया, जिससे शादी टूट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खागा क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में बुधवार रात विवाह समारोह आयोजित था। वधू पक्ष प्रयागराज से बारातियों के स्वागत के लिए पहुंचा था, जबकि दूल्हा पक्ष बारात लेकर गेस्ट हाउस पहुंचा। प्रारंभिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए और जयमाल की रस्म भी खुशी के माहौल में पूरी हो गई। दोनों परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल था।

📍बताया जा रहा है कि भोर करीब चार बजे मंडप में जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी। इसी दौरान मंडप से कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि वर पक्ष के एक युवक ने कुत्ते को पीट दिया, जिससे वधू पक्ष नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में उग्र हो गया।

गेस्ट हाउस में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने के साथ कुर्सियां भी फेंकी गईं। इस दौरान वधू पक्ष की एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूल्हा पक्ष के भी दो लोग घायल हुए। घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और दोनों पक्षों को खागा कोतवाली लाया गया, जहां पुलिस ने मामले की जानकारी ली और दोनों पक्षों से बातचीत की।

➡️घटना में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब दुल्हन ने स्पष्ट रूप से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। तय हुआ कि शादी के दौरान दिए गए दान-दहेज और उपहार वापस कर दिए जाएंगे। दोनों पक्षों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के समझौते के साथ मामले को समाप्त कर दिया।

दूल्हे ने बताया कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था और लड़की उसके घर भी आ चुकी थी, जिसके बाद कानपुर में आर्य समाज में विवाह किया गया था। बाद में सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने का निर्णय लिया गया, लेकिन कुत्ते को लेकर हुए विवाद ने पूरी शादी को तोड़ दिया।

कोतवाली प्रभारी आरके पटेल के अनुसार कुत्ते को मारने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के पांच से छह लोग घायल हुए। सभी घायलों का उपचार कराया गया और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। दहेज और उपहार वापस कर दिए गए हैं तथा वधू पक्ष प्रयागराज लौट गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *