NGV PRAKASH NEWS

दरांती से गला रेतकर किसान की हत्या, दो बेटियों पर आरोप; एक नाबालिग
मुजफ्फरनगर, 23 फरवरी 2026.
भोपा थाना क्षेत्र स्थित मोरना गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 55 वर्षीय किसान रामप्रसाद की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उनका खून से लथपथ शव घर की गैलरी में चारपाई से नीचे जमीन पर पड़ा मिला। मामले में पुलिस ने मृतक की दो बेटियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से एक नाबालिग बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात रामप्रसाद अपने परिवार के साथ घर में सोए थे। उनके बेटे अमित और सुमित, पत्नी चंद्रकली तथा बेटियां वंदना और कोमल अलग-अलग कमरों में थीं, जबकि रामप्रसाद गैलरी में चारपाई पर सो रहे थे। सोमवार सुबह परिजनों की नजर जब उन पर पड़ी तो उनका शव चारपाई के नीचे खून से सना मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल और सीओ भोपा देवव्रत वाजपेयी फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खून से सनी दरांती बरामद की है। साथ ही भूसे के कमरे से कुछ खून से सने कपड़े भी मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के कुछ देर बाद मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता की हत्या उसकी ही दो बहनों ने की है। उसका कहना है कि पिता की टोकाटोकी से दोनों बहनें नाराज रहती थीं और इसी कारण उन्होंने दरांती से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर दोनों बेटियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। नाबालिग आरोपी को लेकर विधिक प्रक्रिया अलग से अपनाई जाएगी। गांव में इस वारदात के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
NGV PRAKASH NEWS
