Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

होली से पहले खाद्य विभाग का छापा, 1750 किलो खोया नष्ट, 1048 किलो रंगीन कचरी जब्त
बस्ती, 28 फरवरी 2026.
होली पर्व के मद्देनज़र मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में सघन अभियान चलाया।
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना के निर्देश पर गठित टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य सामग्री की जांच की।
कार्रवाई के दौरान कुल 11 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए, जिनमें 4 खोया, 3 पनीर, 1 केक, 2 बर्फी और 1 रंगीन कचरी के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान लगभग 1750 किलोग्राम खोया सड़क किनारे लावारिस हालत में गंदगी और दुर्गंधयुक्त स्थिति में पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर नष्ट करा दिया गया। इसके अतिरिक्त 1048 किलोग्राम रंगीन कचरी अखाद्य रंग से रंगी पाई गई, जिसे जब्त कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रवर्तन दल ने मौके पर मौजूद कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा नियमावली-2011 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, दिनेश चौधरी, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा और अंकिता शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS
