साधु बन रह रहे थे वृंदावन में, पुलिस ने पकड़ा तब यह भेद खुला…….

NGV PRAKASH NEWS

फर्जी वीजा बनाकर कनाडा भेजने वाले दंपती को पंजाब पुलिस ने वृंदावन से दबोचा

मथुरा, 03 मार्च 2026.
कनाडा भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और दस्तावेज तैयार कर अवैध इमीग्रेशन नेटवर्क चलाने के आरोप में पंजाब पुलिस ने पटियाला निवासी सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी प्रगति गुप्ता को वृंदावन से गिरफ्तार किया है। दोनों हरे कृष्णा ऑर्चिड सोसायटी के बी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 812 में पिछले ढाई वर्षों से रह रहे थे।

मामले में जनवरी माह में पंजाब के मलेरकोटला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित वृंदावन स्थित अपने फ्लैट से कनाडा भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मोटी रकम वसूल रहे थे। बताया जा रहा है कि वे अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के एवज में 50 लाख से ढाई करोड़ रुपये तक की रकम लेते थे। पिछले दो माह से फरार चल रहे दंपती की तलाश में जुटी पंजाब पुलिस ने सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा ऑर्चिड में दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान सोसायटी में हलचल मच गई।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व पंजाब के पुलिस क्षेत्राधिकारी मानवजीत सिंह सिंधु ने किया। गिरफ्तारी के समय दंपती के साथ उनके दो बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत मथुरा में उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। इसके बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की तैयारी की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंजाब में अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के धंधे को आम बोलचाल में ‘कबूतरबाजी’ कहा जाता है। इस मामले में भी इसी प्रकार का संगठित नेटवर्क संचालित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। प्रकरण की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *