सोने के लालच में मारकर शव के टुकड़े किया और उसी की कार में भरा और ले जाकर…….

NGV PRAKASH NEWS

दोस्ती के नाम पर खौफनाक साजिश, गहनों के लालच में हत्या कर शव के टुकड़े कर यमुना में फेंका

नई दिल्ली, 04 मार्च 2026.

राजधानी दिल्ली में दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। लालच में अंधे एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 48 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनरूप गुप्ता के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन संचालित करते थे। मुख्य आरोपी हैप्पी उर्फ सूरज (29) ने करीब एक वर्ष पहले गुप्ता से दोस्ती की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी की नजर गुप्ता द्वारा पहने जाने वाले सोने के आभूषणों पर थी। उसे यह भी जानकारी थी कि गुप्ता अपने परिवार से अलग रह रहे हैं, जिसका फायदा उठाने की योजना उसने पहले से बना रखी थी।

बताया गया कि 18 फरवरी को हैप्पी ने गुप्ता को मटियाला एक्सटेंशन स्थित अपने किराये के मकान पर पार्टी के बहाने बुलाया। वहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने मिलकर गुप्ता को रस्सी से बांध दिया और पैसों की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस दौरान गुप्ता ने बताया कि उसके सोने के गहने छत्तीसगढ़ सदन में खड़ी उसकी एसयूवी में रखे हैं। इसके बाद आरोपी कार की चाबी लेकर वहां पहुंचे और वाहन से गहने निकाल लिए। जब गुप्ता ने नकद पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें तीन प्लास्टिक बैग में भरकर उसी एसयूवी से उत्तर प्रदेश के वृंदावन के पास यमुना नदी में फेंक दिया। जांच को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने गुप्ता का मोबाइल फोन बंद नहीं किया और उसी से कैंटीन स्टाफ व परिजनों को भ्रामक संदेश भेजते रहे ताकि किसी को शक न हो।

23 फरवरी को परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और एनएचएआई टोल प्लाजा के डेटा का विश्लेषण किया गया। फुटेज में गुप्ता को मटियाला स्थित इमारत में जाते हुए देखा गया, लेकिन वह बाहर निकलते दिखाई नहीं दिए। बाद में वही एसयूवी यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाती हुई नजर आई, जिससे पुलिस को मामले की कड़ी जोड़ने में मदद मिली।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *