Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
बस्ती, 07 मार्च 2026.
प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, विधायक कप्तानगंज प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्र, सदर के मो. सलीम तथा महादेवा के फूलचन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक शुरू होने से पहले मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और विभागीय परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जो परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पैचिंग का कार्य शीघ्र कराया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों की पहचान कर उन्हें बंद कराया जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि कुल 855 परियोजनाओं में से 193 पूर्ण हो चुकी हैं। प्रभारी मंत्री ने शेष परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय करने का सुझाव दिया, जिससे शहर में जाम की समस्या कम हो सके। इस संबंध में एआरटीओ की मदद लेने की भी बात कही गई। बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, उपायुक्त राज्यकर उपेन्द्र यादव, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, एसई हाइडिल खालिद सिद्दीकी, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, नगर पालिका के ईओ अंगद गुप्ता, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS
