चचेरी बहन से प्रेम संबंध में युवक की बेरहमी से हत्या, होली के दिन छत पर पहुंचा था मिलने…….

NGV PRAKASH NEWS

चचेरी बहन से प्रेम संबंध में युवक की बेरहमी से हत्या, होली के दिन छत पर पकड़े जाने के बाद गायब हुआ था युवक

नालंदा (बिहार), 08 मार्च 2026.

बिहार के नालंदा जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिलाव थाना क्षेत्र के पांकी गांव में 25 वर्षीय मणि कुमार का शव गांव के बाहर महादेव स्थान के पास सड़क निर्माण के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में मिला। युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला, जिसके शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भी बुरी तरह कुचल दिया गया था।

यह भी पढ़ें…….

बताया जा रहा है कि मणि कुमार का रिश्ते में चचेरी बहन लगने वाली युवती से करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था। युवक पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। परिवार को इस संबंध की जानकारी होने के बाद से घर में विवाद चल रहा था और इसी वजह से उसकी पत्नी बच्चों के साथ दिल्ली चली गई थी।

परिजनों के अनुसार होली के दिन शाम को युवती दीवार फांदकर युवक के घर की छत पर पहुंच गई थी, जहां दोनों को परिजनों ने देख लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भी बुलाना पड़ा।

मृतक की मां ममता देवी ने आरोप लगाया कि होली के दिन हुए विवाद के बाद गांव के ही राजेश कुमार, गुलशन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, छोटू कुमार और सोनल कुमार मणि को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन आरोपियों ने यह कहकर गुमराह किया कि वह अपनी मौसी के घर गया है। शनिवार सुबह जब उसका शव मिला तो हत्या की आशंका की पुष्टि हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का प्रतीत होता है। युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *