सामूहिक विवाह समारोह में हुआ 141 जोड़ों का विवाह-अव्यवस्था से लोगों में दिखी नाराजगी…….

Gyan Prakash Dubey

सामूहिक विवाह समारोह में 141 जोड़ों का विवाह सम्पन्न, अव्यवस्था और चोरी की घटनाओं से कार्यक्रम पर उठे सवाल

बस्ती, 12 मार्च 2026.

उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत गुरुवार को बस्ती के राजकीय इंटर कॉलेज ग्राउंड में मंडल स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 141 जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रम विभाग के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बस्ती मंडल के तीनों जनपद बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के लाभार्थी शामिल हुए।

बोर्ड की अधिसूचना संख्या 310772/2025 दिनांक 14 अक्टूबर 2025 के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत यह आयोजन किया गया। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिक की पुत्री अथवा पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिक के स्वयं के विवाह के लिए 65 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जबकि अंतर्जातीय विवाह के लिए 75 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। वहीं सामूहिक विवाह की स्थिति में एक ही स्थल पर न्यूनतम 11 जोड़ों का विवाह कराए जाने पर प्रत्येक जोड़े के लिए 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा आयोजन के खर्च के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये की धनराशि भी दी जाती है।

यह भी पढ़ें…….

बस्ती मंडल के अंतर्गत अधिकतम 200 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष समारोह में 141 जोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई और सभी का विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के बाद वधु के माता-पिता अथवा पंजीकृत श्रमिक के बैंक खातों में 85 हजार रुपये की सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जो शीघ्र ही उनके खातों में अंतरित किए जाने की बात कही गई।

कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के राज्य मंत्री महेश शुक्ला और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सांसद प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रभारी जिला सूचना अधिकारी एवं जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र वर्मा भी समारोह में शामिल हुए। आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी नोडल अधिकारी के रूप में जिला उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र यादव ने की। इस दौरान उप श्रम आयुक्त बस्ती मंडल रचना केसरवानी, सहायक श्रम आयुक्त सचिन कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नागेन्द्र त्रिपाठी, उज्ज्वल कुमार त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हालांकि भव्य आयोजन के बीच कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें भी सामने आईं। समारोह के दौरान कई जोड़ों के मोबाइल फोन और पर्स चोरी होने की बात सामने आई। बहादुरपुर ब्लॉक की रहने वाली एक दुल्हन की मां का पर्स भी भीड़ में गायब हो गया, जिसमें एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और लगभग चार हजार रुपये नकद रखे थे। वहीं एक जोड़े ने आरोप लगाया कि सिंदूरदान की रस्म के दौरान उपयोग किया जाने वाला सिंघोरा भी मौके से गायब हो गया।

कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समारोह में वितरण के लिए रखे गए फल और लड्डू कुछ कर्मचारी अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। इन घटनाओं के सामने आने के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं और आयोजन में लापरवाही की चर्चा भी तेज हो गई है।

सामूहिक विवाह समारोह जैसे सामाजिक कार्यक्रम में सामने आई इन घटनाओं ने व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *