NGV PRAKASH NEWS

प्रेमिका संग रहने वाले साधु वेशधारी युवक की पत्नी और साले ने बीच सड़क पर की पिटाई, कार के शीशे भी तोड़े
मथुरा, 14 मार्च 2026.
मथुरा के राया कस्बे में शनिवार दोपहर एक साधु वेशधारी युवक की उसकी पत्नी और साले ने बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान युवक की कार के शीशे भी तोड़ दिए गए और उसे वाहन से बाहर खींच लिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाकर राया थाने पहुंचाया। पीड़ित ने महिला और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बलदेव थाना क्षेत्र के गोठा गांव की रहने वाली रचनेश शर्मा की शादी वर्ष 2007 में मांट थाना क्षेत्र के नगला अलिया निवासी रवि से हुई थी। शादी के बाद रवि पठानकोट और जालंधर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि इसी दौरान उसके एक अन्य महिला से संबंध बन गए और वह पत्नी तथा दो बच्चों को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहने लगा। बाद में उसने उस महिला से शादी भी कर ली और दोनों हैदराबाद में रहने लगे। आरोप है कि इस दौरान उसने नगला अलिया स्थित पैतृक मकान भी बेच दिया।
महिला का कहना है कि युवक इन दिनों साधु का वेश धारण कर रहा है। शनिवार को उसके राया आने की जानकारी मिलने पर पत्नी ने अपने भाई राकेश को इसकी सूचना दी। इसके बाद दोनों ने मांट क्रासिंग के पास दोपहर करीब 12 बजे युवक को रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान महिला, उसके भाई और मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मिलकर साधु वेशधारी युवक की पिटाई कर दी और उसकी कार के शीशे भी तोड़ दिए।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
क्षेत्राधिकारी महावन श्वेता वर्मा के अनुसार बीच सड़क पर साधु वेशधारी युवक की पिटाई किए जाने और कार क्षतिग्रस्त करने की शिकायत मिली है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर महिला और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
NGV PRAKASH NEWS
