कोतवाली व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का खुलासा, लाखों की नगदी व जेवरात बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कोतवाली व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का खुलासा, लाखों की नगदी व जेवरात बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

बस्ती, 19 मार्च 2026.

थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में विशुनपुरवा मोहल्ले में 26/27 फरवरी 2026 की रात हुई चोरी के मामले में आरोपी को नगदी और जेवरात के साथ दबोचा गया।

यह भी पढ़ें……

क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि मु0अ0सं0 091/2026 के तहत दर्ज इस मामले में सेराज आलम पुत्र मनौव्वर निवासी रफीक नगर बेलवाडाडी थाना कोतवाली, उम्र करीब 21 वर्ष को 19 मार्च 2026 को कृष्णा भगौती चौराहे से लगभग 200 कदम पहले गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 3,24,010 रुपये भारतीय मुद्रा, 145 नेपाली रुपये और करीब 8 लाख रुपये कीमत के जेवरात बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर सुपेलवा प्राइमरी स्कूल के पीछे बाउंड्रीवाल के अंदर झाड़ियों से चोरी किया गया डीवीआर और घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अल्ताफ के साथ मिलकर रात करीब 3 बजे घर में छत के रास्ते प्रवेश कर पहले सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकाल लिया, फिर घर में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के दौरान शोर मचने पर दोनों पीछे के रास्ते से फरार हो गए। आरोपी ने बताया कि चोरी के पैसों से उसने अपना लोन भी चुकाया और बाद में दोनों नेपाल भाग गए, जहां शेष रकम खर्च कर दी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले से कई चोरी व गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं इस घटना में शामिल दूसरा आरोपी अल्ताफ अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *