NGV PRAKASH NEWS

खडंजा मरम्मत के नाम पर लाखों की हेराफेरी का आरोप, ग्राम प्रधान व सचिव पर उठे सवाल
बस्ती, 19 मार्च 2026.
साऊँघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत तरेता में खडंजा मरम्मत कार्य के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान रामसुभाव और संबंधित सचिव ने पिच मार्ग से नहर की पुलिया तक खडंजा मरम्मत के लिए ईंट खरीद दिखाकर लाखों रुपये का गबन कर लिया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत राजस्व गांव तरेता पुरवा में इस कार्य के लिए ईंट क्रय मद में 1,08,979 रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। मौजूदा बाजार दर के अनुसार इतनी राशि में करीब 13 हजार से अधिक ईंटें खरीदी जा सकती हैं। लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर इतनी संख्या में ईंटें कहीं दिखाई नहीं देतीं, जिससे पूरे मामले में गड़बड़ी की आशंका गहराती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार कार्य योजना में सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी खर्च भी दर्शाई गई है, जो वास्तविकता से परे प्रतीत होता है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने बताया कि मरम्मत कार्य केवल कागजों तक सीमित रहा और जमीन पर इसका असर बहुत कम देखने को मिला।
मामला उजागर होने के बाद गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और संबंधित अधिकारियों से जांच की मांग उठने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे प्रकरण में बड़े स्तर की अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
📍मामले की गम्भीरता को भांपते हुए मण्डलायुक अखिलेश सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने हेतु निर्देशित कर दिया है ।
NGV PRAKASH NEWS
