5 स्टार होटल का शेफ निकला ‘मास्टर चोर’, लग्जरी लाइफ के लालच में करता था हाईटेक चोरी…….

NGV PRAKASH NEWS

5 स्टार होटल का शेफ निकला ‘मास्टर चोर’, लग्जरी लाइफ के लालच में करता था हाईटेक चोरी

नई दिल्ली, 20 मार्च 2026.

राजधानी दिल्ली के आरके पुरम इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। पांच सितारा होटल में काम करने वाला एक युवा शेफ ही शातिर चोर निकला। आलीशान जिंदगी और आसान पैसे की चाह ने उसे इस कदर अपराध की दुनिया में धकेला कि वह ‘मास्टर की’ के जरिए हाईटेक चोरी को अंजाम देने लगा।

👉यह भी पढ़ें…….

आरके पुरम थाना पुलिस ने द्वारका के एक होटल में साउथ इंडियन शेफ के तौर पर काम करने वाले 22 वर्षीय नीलेश उर्फ निकेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की चोरी करने की शैली बेहद प्रोफेशनल और चालाक थी। वह खासतौर पर ‘चाइनीज लॉक’ लगे घरों को निशाना बनाता था और अपने पास मौजूद मास्टर चाबी से बिना तोड़फोड़ किए ताला खोलकर घर में प्रवेश करता था। चोरी करने के बाद वह घर को फिर से लॉक कर देता था, ताकि किसी को तुरंत शक न हो।

यह पूरा मामला 14 फरवरी 2026 का है, जब आरके पुरम सेक्टर-1 निवासी टी. सेन अपने परिवार के साथ राजस्थान एक शादी में गए हुए थे। 18 फरवरी को जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला सही सलामत था, लेकिन अंदर से 3.5 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में गहने गायब थे। इस ‘क्लीन चोरी’ ने पुलिस को भी चौंका दिया।

जांच के दौरान जब पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध युवक घर का गेट खोलते और करीब आधे घंटे बाद सामान लेकर स्कूटी से फरार होते हुए दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पहले खुद को बचाने के लिए रात की ड्यूटी का बहाना बनाया, लेकिन तकनीकी जांच और उसके वित्तीय लेन-देन ने उसकी सारी साजिश उजागर कर दी। कड़ी पूछताछ के बाद उसने कबूल किया कि उसने चोरी के गहने होटल की पार्किंग में खड़ी एक चोरी की स्कूटी में छिपा रखे थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मास्टर चाबी, दो स्कूटियां (एक चोरी की और एक वारदात में इस्तेमाल की गई), 2.69 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठियां, नथ, बालियां, नोज पिन, चांदी की पायल, चुटकी और एक चांदी का सिक्का बरामद किया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि नीलेश इससे पहले भी दो बार चोरी की कोशिश कर चुका था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने दिल्ली के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अपराधी अब कितने शातिर और तकनीकी रूप से सक्षम हो चुके हैं, जो बिना किसी निशान के घरों को निशाना बना रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *