Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ईद पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, सड़क पर नमाज पढ़ने पर होगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह
बस्ती, 20 मार्च 2026.
ईद-उल-फितर के पावन अवसर को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह ने क्षेत्रवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईद खुशियों, मेल-मिलाप और सामाजिक एकता का प्रतीक है, ऐसे में सभी लोग इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
📍थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ईद की नमाज केवल निर्धारित स्थानों, जैसे मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा की जाए। शासन के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक सड़कों या अन्य स्थानों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह सड़क पर नमाज पढ़ता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📍इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
यह भी पढ़ें…….
📍भानु प्रताप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ सूचना प्रसारित न करें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं, मस्जिद और ईदगाहों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
