Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड का अभियान तेज, 40 संदिग्धों से पूछताछ, महिलाओं को किया जागरूक
बस्ती, 31 मार्च 2026.
जनपद बस्ती में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला थाना टीम ने शहर के प्रमुख भीड़भाड़ वाले इलाकों में व्यापक चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में महिला थाना टीम ने रोडवेज, गांधी नगर, मालवीय तिराहा, सोनूपार मोड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान बाजार आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अभियान के तहत मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) फेज-5 के अंतर्गत महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098 और 108 की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में इनके उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में भी जागरूक किया गया और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
पुलिस टीम ने इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 40 व्यक्तियों से पूछताछ की। एक व्यक्ति से माफीनामा भरवाया गया, जबकि अन्य को कड़ी चेतावनी देकर मौके पर छोड़ दिया गया। इसके साथ ही आम नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अभियान का उद्देश्य न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाना भी है। पुलिस की इस सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
