NGV PRAKASH NEWS

बस्ती-कांटे मार्ग पर युवक ने खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बस्ती, 31 मार्च 2026.
मुंडेरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवक ने कथित रूप से खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। यह घटना बस्ती-कांटे मार्ग पर हरिओम फीलिंग स्टेशन के पास स्थित एक बीयर की दुकान के सामने करीब साढ़े बारह बजे हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक आग की लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुंडेरवा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल युवक को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।
📍घायल युवक की पहचान सचिन उर्फ राज (25), पुत्र शिवशंकर, निवासी बैदवली कटसहरा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में अपने ननिहाल मोलहू, जगदीशपुर में रह रहा था और जीविकोपार्जन के लिए ऑटो चलाता था।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह किसी व्यक्तिगत तनाव से गुजर रहा था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को सामने ला दिया है, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
NGV PRAKASH NEWS
