Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुष्कर्म मामले में आरोपी पर NSA की कार्रवाई, संतकबीरनगर पुलिस की सख्ती
संतकबीरनगर, 01 अप्रैल 2026.
जनपद में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरुद्ध कर दिया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की निगरानी और पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में की गई।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आरोपी बदरे आलम उर्फ बादल निवासी मड़या को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी पर वर्ष 2025 में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप है, जिसके संबंध में 18 अक्टूबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा मौके पर कई दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई और उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे। महिला अपराध की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 अक्टूबर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार जमानत के प्रयास में था। इसी को देखते हुए और लोक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 30 मार्च 2026 को आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई, ताकि वह किसी भी प्रकार से समाज में अशांति न फैला सके।
NGV PRAKASH NEWS
